CBSE 10th Result 2021: अब तक 10वीं का रिजल्ट नहीं बना पाई दिल्ली सरकार, CBSE को पत्र लिख मांगा समय

 CBSE 10th Result 2021: दिल्ली सरकार अभी तक 10वीं के छात्रों का रिजल्ट नहीं तैयार कर पाई है। इसके लिए केजरीवाल सरकार ने CBSE को पत्र लिखकर और समय की मांग की है। 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं रद्द होने के बाद छात्रों के विकास के लिए बोर्ड ने हाल ही में नई पॉलिसी बनाई है। इसके बाद सभी स्कूलों को 5 जून तक रिजल्ट जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी स्कूलों को 11 जून तक इंटरनल असेसमेंट के नंबर भी भेजने होंगे।

कोरोना ड्यूटी में लगे हैं शिक्षक

दिल्ली सरकार ने CBSE को लिखे अपने पत्र में कहा है कि कई शिक्षकों को कोरोनाकाल में अलग-अलग तरह की जिम्मेदारियां सौंपी गई थी। ये शिक्षक अभी भी उन कामों में लगे हुए हैं। इस वजह से रिजल्ट तैयार करने में परेशानी आ रही है। शहर में 10 मई तक लॉकडाउन भी लगा हुआ है और कई स्कूलों को वैक्सीनेशन सेंटर में बदला जा चुका है। इस वजह से समय पर रिजल्ट तैयार करने में परेशानी हो रही है।

टाइम शेड्यूल में बदलाव की मांग

दिल्ली सरकार ने अपन पत्र में कहा है कि मौजूदा हालातों को ध्यान में रखते हुए उनके भावनात्मक प्रभाव, लॉकडाउन और कोरोना के जुड़े कार्यों में लगे शिक्षकों को ध्यान में रखते हुए बोर्ड को टाइम शेड्यूल में फिर से गौर करना चाहिए। शिक्षकों से लेकर डेटा एंट्री ऑपरेटर और दिल्ली के स्कूलों के आईटी असिस्टेंट भी कोरोना से जुड़े कामों में लगे हैं। शिक्षक टेस्ट कराने और हॉटस्पॉट की पहचान करने में स्वास्थ्यकर्मियों की मदद कर रहे हैं। निर्देशों के अनुसार शिक्षक हॉटस्पॉट में जाकर घर-घर सर्वे कर रहे हैं। इसके अलावा वैक्सीनेशन, एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग और बाकी प्रोटोकॉल के निर्वहन में भी शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। शहर में 76 स्कूलों को वैक्सीनेशन सेंटर में बदला गया है।

कई शिक्षकों ने अपनों को खोया

पत्र में यह भी कहा गया है कि इस महामारी में कई शिक्षकों ने अपने सगे संबंधियों को खो दिया है। वो काम करने की हालत में नहीं हैं। हालांकि, इस बीच बोर्ड सभी स्कूलों के प्रिंसिपल के साथ मीटिंग कर रहा है, जिसमें उन्हें रिजल्ट से सभी पहलुओं को समझाया जाएगा। इस वर्चुएल मीटिंग में सभी प्रिसिपलों और अन्य सदस्यों का रहना जरूरी है। CBSE ने इसके साथ ही स्कूलों में मीटिंग करने पर रोक लगाई है और रिजल्ट से जुड़ी बैठकें ऑनलाइन करने को कहा है।

Posted By: Navodit Saktawat

Search This Blog