नई दिल्ली, मई 7। कोरोना महामारी के कारण भारतीय सेना की कॉमन एंट्रेस परीक्षा (राजस्थान रीजन) को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। शुक्रवार को भारतीय सेना की तरफ से इस बात की जानकारी दी गई। आपको बता दें कि ये भर्ती परीक्षा 30 मई को आयोजित होनी थी, लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह परीक्षा आयोजित कर पाना बहुत मुश्किल लग रहा था। बता दें कि राजस्थान में ये परीक्षा जयपुर और जोधपुर में आयोजित होनी थी।
नॉर्थ ईस्ट रीजन की भी परीक्षा हो गई थी स्थगित
न्यूज एजेंसी ANI ने राजस्थान डिफेंस पीआरओ के हवाले से कहा है, "सेना भर्ती के लिए सामान्य प्रवेश परीक्षा जयपुर और जोधपुर में 30 मई 2021 को होने वाली परीक्षा को कोरोना महामारी के कारण स्थगित कर दिया गया है।" आपको बता दें कि इससे नॉर्थ ईस्ट रीजन की भी परीक्षा को टाल दिया गया था, जो 25 अप्रैल को आयोजित होनी थी।
इससे पहले भारतीय सेना ने कोरोनो संकट के मद्देनजर सोल्जर जनरल ड्यूटी, सोल्जर टेक्निकल, सोल्जर नर्सिंग असिस्टेंट, सोल्जर क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल, सोल्जर ट्रेडसमैन (ऑल आर्म्स) 10 वीं पास के लिए सामान्य प्रवेश परीक्षा को भी रद्द कर दिया था।