अब विद्यालय में 25 फीसद ही उपस्थित रहेंगे शिक्षक, जारी हुआ आदेश

 जागरण संवाददाता, सुपौल: कोरोना की दूसरी लहर ने एक बार फिर बच्चों की पढ़ाई पर ब्रेक लगा दी है। इधर सरकार ने कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों को 15 मई तक के लिए बंद रखने का आदेश पहले ही दे रखा है। परंतु अब विद्यालयों में 33 फीसद की जगह 25 फीसद शिक्षक ही प्रतिदिन उपस्थित रहेंगे। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारी व शिक्षकों को कोरोना के बढ़ते ग्राफ को देखते हुए दिशा-निर्देश जारी किया है।

-------------------------------

यह है नया आदेश


जिला शिक्षा पदाधिकारी ने विभागीय आदेश के आलोक में सभी प्रधानाध्यापक व विभागीय अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि 15 मई तक सभी सरकारी व निजी विद्यालय में बच्चों को छुट्टी पहले ही दी जा चुकी है। अब 33 फीसद की जगह प्रतिदिन बारी-बारी से 25 फीसद शिक्षक विद्यालय में मौजूद रहेंगे। जिस विद्यालय में तीन या उससे कम शिक्षक हैं, वहां बारी-बारी से शिक्षक स्कूल में मौजूद रहेंगे। जिस विद्यालय में उससे अधिक शिक्षक हैं वहां शिक्षकों की 25 फीसद उपस्थिति अनिवार्य होगी। मध्य, माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रतिदिन विद्यालय में मौजूद रहेंगे। शेष शिक्षक व कर्मी बारी-बारी से 25 फीसद उपस्थित रहेंगे। इसी प्रकार महाविद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं उसके समकक्ष स्तर एवं ऊपर के सभी पदाधिकारी प्रतिदिन उपस्थित होंगे तथा सहायक प्रधानाध्यापक एवं उनके समकक्ष पदाधिकारी एवं सभी पदाधिकारी एवं कर्मी बारी-बारी से प्रतिदिन 25 फीसद उपस्थिति दर्ज कराएंगे। डीईओ ने कहा है कि गाइडलाइन के अनुसार विभागीय निर्देश का पालन करते रहेंगे। 

Search This Blog